असम समेत तीन राज्यों में मतदान जारी, सुबह 9 बजे तक असम में 17.87%, केरलम 16.23%, पुडुचेरी में 17.41% वोटिंग;

देश के तीन राज्यों असम, केरलम और पुडुचेरी की 296 सीटों पर सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू

असम समेत तीन राज्यों में मतदान जारी, सुबह 9 बजे तक असम में 17.87%, केरलम 16.23%, पुडुचेरी में 17.41% वोटिंग;
Image Slider
Image Slider
Image Slider

देश के तीन राज्यों असम, केरलम और पुडुचेरी की 296 सीटों पर सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो चुकी है, जो शाम 5 बजे तक चलेगी। आज सुबह 6 बजे से 7 बजे के बीच सभी पोलिंग स्टेशन पर अधिकारियों ने मॉक पोलिंग की, जिससे पता चल सके कि ईवीएम में कोई खराबी तो नहीं है।

केरलम में 70 साल में पहली बार कोई सीएम हैट्रिक के लिए चुनाव लड़ रहा है। असम में बीजेपी हिमंता बिस्व सरमा के सहारे लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का दांव खेल रही है। जबकि पुडुचेरी में कांग्रेस से निकले एन. रंगासामी पांचवी बार सत्ता में काबिज होने की कोशिश कर रहे हैं।

असम में 126 सीट पर 41 पार्टियों के 722 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं केरलम में 2.71 करोड़ वोटर 890 उम्मीदवारों में से अपना नेता चुनेंगे। पुडुचेरी में 20 पार्टियां के 294 कैंडिडेट अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। तीनों राज्यों में करीब 10 लाख से ज्यादा वोटर्स पहली बार मतदान करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीनों राज्यों की जनता से मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है, 'मैं केरल की जनता से 2026 के विधानसभा चुनावों में भारी संख्या में मतदान करने का आह्वान करता हूं। रिकॉर्ड तोड़ भागीदारी केरल के लोकतांत्रिक मूल्यों को नई ऊर्जा प्रदान करेगी। मैं विशेष रूप से राज्य के युवाओं और महिलाओं से आगे आकर वोट देने का अनुरोध करता हूं।'


लोकतंत्र की प्रक्रिया को मजबूत करने की अपील

इसी तरह प्रधानमंत्री ने केंद्र शासित राज्य पुडुचेरी की जनता से भी मतदान करने की अपील की है। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा है, 'पुडुचेरी विधानसभा चुनाव शुरू होने के अवसर पर मैं सभी मतदाताओं से भारी संख्या में मतदान करने का आग्रह करता हूं। मैं विशेष रूप से युवाओं और महिला मतदाताओं से लोकतंत्र की प्रक्रिया को मजबूत करने की अपील करता हूं।

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने एक्स पर लिखा, 'आज असम में मतदान हो रहा है और बेहतर असम के निर्माण की राह में हर आवाज, हर वोट मायने रखता है। लोकतंत्र के इस पर्व के अवसर पर मैं सभी से आग्रह करता हूं कि वे बड़ी संख्या में मतदान करने के लिए आगे आएं, ताकि लोकतंत्र को मजबूत किया जा सके और असम को नई ऊंचाइयों पर ले जाया जा सके।'

असम की 126 सीटों पर 722 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। केरल की 140 सीटों पर 890 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि पुडुचेरी की 30 सीटों पर 294 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

पुडुचेरी के सीएम CM रंगासामी वोट डालने के लिए पोलिंग बूथ तक मोटरसाइकिल से पहुंचे। यहां आने से पहले उन्होंने मंदिर में पूजा भी की। केरल के सीएम पिनाराई विजयन ने भी सुबह ही मतदान किया। असम के सीएम हिमंता ने गुवाहाटी में मां कामाख्या मंदिर में पूजा की है।

पुडुचेरी के पूर्व सीएम वी. नारायणसामी ने विधानसभा चुनावों में अपना वोट डाला। उन्होंने कहा- पुडुचेरी की जनता चाहती है कि INDI गठबंधन सत्ता में आए। मुझे पूरा भरोसा है कि INDI गठबंधन यहां सरकार बनाएगा। मैं लोगों से अपील करता हूं कि वे बड़ी संख्या में आकर अपने लोकतांत्रिक अधिकार का इस्तेमाल करें।

केरलम के सीएम पिनाराई विजयन ने वोट डाला। उन्होंने कन्नूर में आरसी अमला बेसिक अपर प्राइमरी स्कूल में वोट डाला।

असम की गुवाहाटी सेंट्रल सीट से AJP उम्मीदवार कुंकी चौधरी ने वोट डाला। उन्होंने कहा- यह बहुत अच्छी बात है कि मुझे एक बहुत ही प्रतिष्ठित निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ने का यह अवसर मिला है और मैं लोगों के बाहर आकर वोट डालने का इंतजार कर रही हूं। यह अच्छा लगता है कि युवा उम्मीदवार व्यवस्था को बदलने के लिए आगे आए हैं और अगर हम सचमुच कोई बदलाव लाना चाहते हैं, तो हमें इस व्यवस्था का हिस्सा बनना होगा।